Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 02 Mar, 2026 06:54 PM

बिजनेस की पुरानी रंजिश में व्यवसायी को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा पालम विहार ने पांच हजार के इनामी बदमाश को सोहना बस स्टैंड से काबू कर लिया है।
गुड़गांव,(ब्यूरो): बिजनेस की पुरानी रंजिश में व्यवसायी को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के मामले में गुड़गांव पुलिस की अपराध शाखा पालम विहार ने पांच हजार के इनामी बदमाश को सोहना बस स्टैंड से काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान मनविंदर उर्फ मूली (उम्र-34 वर्ष) निवासी गांव रामपुर आटा जिला नूंह (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी मनविंदर द्वारा आरोपी गुरुदत्त शर्मा व आरोपी अनिल के साथ मिलकर संजय शर्मा (मृतक) की रेकी की व गुरुदत्त शर्मा के साथ मिलकर योजनानुसार जिस कार से मृतक संजय शर्मा की कार को टक्कर मारकर रोका था वह कार आरोपी मनविंदर उर्फ मूली चला रहा था जिसके कारण मृतक संजय शर्मा की कार रुकी व आरोपी गुरुदत्त उर्फ बालेश्वर शर्मा ने संजय शर्मा को गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बताया कि इसकी व आरोपी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा की दोस्ती 4 साल पहले हुई थी व आरोपी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर से आरोपी मनविंदर उर्फ मूली को रेकी करने व वारदात को अंजाम देने में के लिए आरोपी गुरुदत्त शर्मा से 10 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।
आरोपी मनविंद्र की गिरफ्तारी पर गुड़गांव पुलिस ने 5 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी का रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी पर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, हत्या का प्रयास करने व शस्त्र अधिनियम के तहत जिला नूंह व गुरुग्राम में कुल 8 केस दर्ज हैं। पुलिस अब तक आरोपियों के कब्जे से 1 कार, 1 देशी कट्टा व 1 लाख 28 हजार रूपये की नकदी बरामद कर चुकी है। इस केस में अब तक आरोपी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर , अनिल व मनविंदर उर्फ मूली सहित कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी कर चुकी है। आरोपी मनविंद्र को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। मामले की पूछताछ जारी है।
आपको बता दें कि 6 जनवरी को सेक्टर-10 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-37डी में रामा गार्डन के पास एक व्यक्ति लहुलुहान हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि मृतक उसके पिता संजय शर्मा (उम्र 50 वर्ष), निवासी बसई इंक्लेव पार्ट-2, गुरुग्राम है। इसके पिता (मृतक) सुबह कार में सवार होकर अपनी कैंटीन सेक्टर-34, गुरुग्राम के लिए निकले थे, लेकिन किसी ने उनकी हत्या कर दी। परिजनों ने मामले में उनके कॉलेज के कुछ युवकों पर हत्या करने का शक जताया था। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि कुछ दिन पहले कॉलेज में कुछ युवकों का झगड़ा हुआ था। इस झगड़े की वीडियो कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसे कुछ युवक मांग रहे थे, लेकिन संजय ने यह वीडियो देने से इंकार कर दिया। संजय को शक था कि यह वीडियो सामने आई तो झगड़ा बढ़ सकता है। ऐसे में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में जब जांच शुरू हुई तो पूरा मामला पलट गया। यह मामला रंजिश को तो निकला, लेकिन यह रंजिश मृतक के मौसेरे भाई ने व्यवसाय में नुकसान के कारण निकाली थी।
अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने मामले में गुरुदत्त शर्मा, अनिल को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सामने आया कि मृतक और गुरुदत्त शर्मा दोनों मौसेरे भाई हैं। कैंटीन चलाने से पहले मृतक संजय अपने मौसेरे भाई के साथ बिल्डिंग मटीरियल सप्लाई का कार्य कर रहे थे। इस व्यवसाय में नुकसान होने के बाद दोनों में मनमुटाव हो गया था जिसके कारण पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल मामले में पुलिस जांच कर रही है।