Edited By Manisha rana, Updated: 25 Mar, 2026 03:34 PM

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में महिला ने वीजा एजेंट से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि चंडीगढ़ के एक वीजा एजेंट ने उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये हड़प लिए और न तो...
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में महिला ने वीजा एजेंट से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि चंडीगढ़ के एक वीजा एजेंट ने उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये हड़प लिए और न तो वीजा लगवाया, न ही पैसे और दस्तावेज लौटाए।
मृतका की पहचान अधोया गांव निवासी 44 वर्षीय मलकीत कौर के रूप में हुई है। उनके पति बलविंद्र सिंह किसान हैं। परिवार के अनुसार, उनकी बेटी पहले से विदेश में रह रही है और उसी के कहने पर उन्होंने बेटे जश्नप्रीत को भी विदेश भेजने की योजना बनाई थी।
एजेंट से ऐसे हुई मुलाकात
बलविंद्र सिंह ने बताया कि करीब 4 महीने पहले उनकी बेटी ने उन्हें चंडीगढ़ स्थित “न्यू बॉस इंटरनेशनल” नामक वीजा सेंटर भेजा था। यहां उनकी मुलाकात काजोल, इशिता और अमन नाम के एजेंटों से हुई। एजेंटों ने बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए 25 लाख रुपये मांगे, जिनमें से 20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए गए—2 लाख ऑनलाइन और 18 लाख नकद।
रुपए लेने के बाद बदला रवैया
परिजनों का कहना है कि पैसे लेने के बाद एजेंट का व्यवहार बदल गया। पहले एक महीने में वीजा का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में बार-बार समय टालते रहे। करीब 3 महीने तक केवल आश्वासन ही मिलता रहा।
दस्तावेज लौटाने से भी किया इनकार
बलविंद्र सिंह के अनुसार, जब उनकी पत्नी ने एजेंट से पैसे और दस्तावेज वापस मांगे, तो एजेंट ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, 21 मार्च को दोबारा बात करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे मलकीत कौर काफी मानसिक तनाव में आ गईं।
जहरीला पदार्थ निगलकर दी जान
एजेंट की कथित धोखाधड़ी और धमकियों से परेशान होकर मलकीत कौर ने 22 मार्च को जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया गया। इलाज के दौरान 24 मार्च को उनकी मौत हो गई।
तीन एजेंटों पर केस दर्ज
पिहोवा थाना के एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर काजोल, इशिता और अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)