Edited By Isha, Updated: 04 Jul, 2026 10:39 AM

हरियाणा के करनाल में नमस्ते चौक के नजदीक एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे अपनी बाइक के पास खड़े दो युवकों को बुरी तरह कुचल दिया।
करनाल: हरियाणा के करनाल में नमस्ते चौक के नजदीक एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे अपनी बाइक के पास खड़े दो युवकों को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे का शिकार हुए मृतकों में से एक की पहचान 'कमल' के रूप में हुई है। जैसे ही हादसे की खबर कमल के परिवार तक पहुँची, घर में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुँचे परिजनों का बेटे के शव को देखकर रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहारों और खुशियों के बीच अचानक आए इस दुखों के पहाड़ ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी राजबीर ने बताया कि नमस्ते चौक के नजदीक यह हादसा हुआ है, जहाँ एक अज्ञात ट्रक ने दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई है। वारदात के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस आसपास के इलाकों और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक और ट्रक की पहचान की जा सके।"
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। आज शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।