Edited By Isha, Updated: 03 Jul, 2026 01:19 PM

हरियाणा में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दाखिले का अब अगला चरण शुरू हो गया है। दाखिले के लिए पंजीकरण करवा चुके अभ्यर्थी 3 जुलाई से अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान के विकल्प का चयन कर सकेंगे।
चंडीगढ़: हरियाणा में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दाखिले का अब अगला चरण शुरू हो गया है। दाखिले के लिए पंजीकरण करवा चुके अभ्यर्थी 3 जुलाई से अपनी पसंद के ट्रेड और संस्थान के विकल्प का चयन कर सकेंगे।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के अनुसार 2 जून से 30 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को 3 जुलाई से 15 जुलाई तक विभागीय पोर्टल पर लॉगिन कर ट्रेड और संस्थान का विकल्प भरना अनिवार्य होगा। केवल पूर्ण रूप से भरे और सफलतापूर्वक जमा किए गए आवेदन ही दाखिला प्रक्रिया में शामिल किए जाएंगे। नए अभ्यर्थियों के आवेदन भी 15 जुलाई तक स्वीकार किए जाएंगे।
प्रशिक्षण के साथ हर माह मिलेंगे दो हजार रुपये
प्रदेश सरकार ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (डीएसटी) के माध्यम से तकनीकी शिक्षा को सीधे उद्योगों से जोड़ने की पहल कर रही है। इस पहल के तहत विद्यार्थियों को उद्योगों में आधुनिक मशीनों पर प्रशिक्षण के साथ प्रति माह दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
डीएसटी के तहत विद्यार्थियों को आईटीआई की पढ़ाई के साथ उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे आधुनिक तकनीक और कार्य प्रणाली से सीधे परिचित हो सकें। तकनीकी शिक्षा विभाग डीएसटी कोर्स को और व्यावहारिक बनाने की तैयारी में है। विभाग एक वर्ष के इस कोर्स की अवधि को बढ़ाकर करीब डेढ़ वर्ष करने पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव के अनुसार पहले छह माह संस्थान में प्रशिक्षण व बाद में 9 से 12 माह उद्योगों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।