Edited By Krishan Rana, Updated: 11 Mar, 2026 01:58 PM

नूंह जिले के पिनंगवा थाना क्षेत्र में मेघालय पुलिस से आरोपी को छुड़ाने की कोशिश के दौरान हुए हंगामे
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के पिनंगवा थाना क्षेत्र में मेघालय पुलिस की हिरासत से एटीएम लूट के आरोपी को छुड़ाने की कोशिश के दौरान हुए हंगामे और फायरिंग के मामले में 12 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अर्किडालांग वाहलांग की टीम एटीएम लूट के आरोपी राहुल खान पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी वाजीदपुर (पिनंगवा) को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मेघालय जा रही थी। मंगलवार शाम जब पुलिस टीम गांव सिकरावा के पास एचआर-93 डोंगा होटल के नजदीक पहुंची तो आरोपी ने वाहन रुकवाने की जिद की और अचानक गाड़ी की स्टेयरिंग पकड़कर वाहन पलटाने की कोशिश की।
पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए की फायरिंग
पुलिस के अनुसार इसी दौरान मौके पर करीब 20-30 लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि कुछ लोगों ने गाड़ी की चाबी छीनने और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए फायरिंग की, जिसमें सिकरावा निवासी तारीफ खान के पैर में गोली लग गई।
घटना की सूचना मिलने पर पिनंगवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौके से दो खाली कारतूस, खून के नमूने और खून से सनी पैंट बरामद की गई है। एफएसएल और जांच टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शिकायत के आधार पर नसीम, फारूख, मैमुना, सहरुनी, मुस्तकीम, साहिद, खुद्दी, खालिद, भुप्पत, जफर, तारीफ खान और आरोपी राहुल सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल पहले भी एटीएम काटने की कई वारदातों में वांछित रहा है और उस पर दिल्ली तथा मेघालय में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)