Edited By Krishan Rana, Updated: 29 Apr, 2026 09:36 PM

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) फरीदाबाद ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्का पटवारी जावेद को
फरीदाबाद (अनिल राठी) : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) फरीदाबाद ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्का पटवारी जावेद को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गौच्छी (उप तहसील गौच्छी) में तैनात था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना SV & ACB, फरीदाबाद में केस दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने गांव फिरोजपुर कलां में स्थित कृषि भूमि का अपने भतीजे कृष्ण (पुत्र रोहताश) के साथ आपसी तबादला कराया था। यह प्रक्रिया कार्यालय सब-रजिस्ट्रार गौच्छी में पूरी हुई, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल गलत दर्ज हो गया। इस त्रुटि को ठीक कराने के लिए 24 मार्च को तहसीलदार गौच्छी को आवेदन दिया गया, जिसे उसी दिन पटवारी जावेद को मार्क कर दिया गया।
आरोप है कि पटवारी ने काम को जानबूझकर लटकाया और बाद में इंतकाल ठीक करने के नाम पर 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
25,000 के साथ गिरफ्तार किया
शिकायत की पुष्टि के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने योजना बनाकर रेड की। शिकायतकर्ता ने आरोपी को 25,000 रुपये दिए। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत ली, उसे शक हो गया और उसने तुरंत पैसे अपने निजी सहायक को थमा दिए। मौके पर मौजूद टीम ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन उसका सहायक नकदी लेकर फरार हो गया।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और फरार निजी सहायक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। रिश्वत की राशि बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं। फिलहाल मामला जांच के अधीन है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)