Edited By Manisha rana, Updated: 02 Feb, 2025 09:10 AM
अरविंद शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की 11 साल की सरकार के झूठ को दिल्ली की जनता ने पकड़ लिया है, इसलिए आज वो दिल्ली में यमुना नदी से लेकर जगह-जगह कूड़े के ढेर पर अपनी नाकामी को छिपाने के लिए भ्रम-डर की राजनीति कर रहे हैं।
नई दिल्ली : हरियाणा के सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की 11 साल की सरकार के झूठ को दिल्ली की जनता ने पकड़ लिया है, इसलिए आज वो दिल्ली में यमुना नदी से लेकर जगह-जगह कूड़े के ढेर पर अपनी नाकामी को छिपाने के लिए भ्रम-डर की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने तय कर दिया है कि अब दिल्ली में आपदा जा रही है।
बता दें कि अरविंद शर्मा ने बीते दिन शनिवार को मटियाला विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी एडवोकेट सन्दीप सहरावत के पक्ष में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की बौखलाहट हर दिन बढ़ रही है, क्योंकि इस बार राजनीतिक दलों ने नहीं, बल्कि जनता ने उनके झूठ को पकड़ लिया है। यमुना नदी की सफाई के नाम पर बार-बार वोट लेने वाले अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। दिल्ली में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और तमाम समस्याएं अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार को नजर नहीं आई।
अरविंद शर्मा ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली की जनता की भलाई के लिए काम कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल विकास की बात नहीं करते। आज लोगों ने डबल इंजन की सरकार बनाने का मन बना लिया है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जन-जन के बीच जाकर दिल्ली में चारों तरफ कमल खिलाने के लिए काम करना है। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला, लोकसभा सांसद कमलजीत सहरावत, निगम पार्षद सविता शर्मा व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)