Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Mar, 2026 08:21 AM

हीरो होंडा चौक से गुजर रही बिल्डर की गाड़ी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोलियां चला दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 16 राउंड फायरिंग की जिसमें से एक गोली ड्राइवर को छूते हुए निकल गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): हीरो होंडा चौक स्थित कार शोरूम बिग बॉय टॉय (BBT) पर बाइक से आए बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यहां 16 राउंड से ज्यादा फायर किए गए। इस घटना में एक गोली एक व्यक्ति को छू कर निकल गई जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरी वारदात के पीछे भाऊ गैंग का हाथ होने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। बताया जा रहा है कि पांच करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, गोलियां चलने से यहां लगे शीशे टूट गए और यहां मौजूद लग्जरी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। कई गोलियों के निशान शोरूम की छत पर भी मिले हैं। जिस स्थान पर खड़े होकर बदमाशों ने फायरिंग की उस स्थान से पुलिस ने गोलियों के खोल भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप के मुताबिक, सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस सहित अपराध शाखा की टीमों को मौके पर भेजा गया जिन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह सूचना बिल्डर की कार पर फायरिंग होने की मिली थी, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो यह वारदात कार शोरूम पर होना पाई गई। यहां मौजूद एक ड्राइवर की बाजू को गोली छूते हुए निकल गई। घायल ड्राइवर को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप के मुताबिक, मामले की प्रारंभिक तौर की जांच में आरोपियों की पहचान झज्जर के रहने वाले अतुल, दीपक व नीरज के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।