Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 24 Mar, 2026 09:03 PM

सुशांत लोक थाना एरिया में एक तरफ जहां सड़क दुघटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने में लोग लगे हुए थे वहीं, चोर ने इसका फायदा उठाया और घायल की बाइक ले उड़ा।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सुशांत लोक थाना एरिया में एक तरफ जहां सड़क दुघटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने में लोग लगे हुए थे वहीं, चोर ने इसका फायदा उठाया और घायल की बाइक ले उड़ा। जब घायल इलाज के बाद वापस मौके पर अपनी बाइक लेने पहुंचा तो उसे बाइक नहीं मिली जिसके बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दिल्ली के उत्तम नगर निवासी विनीत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-52 स्थित एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 मार्च की रात करीब साढ़े 11 बजे वे अपनी बाइक से ड्यूटी के बाद हुडा सिटी सेंटर की तरफ जा रहे थे। जब वे फोर्टिस अस्पताल (सेक्टर-44) के गेट नंबर-2 के पास पहुंचे, तो बारिश की वजह से उनकी बाइक फिसल गई और वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद एक ऑटो चालक की मदद से विनीत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। जल्दबाजी और चोट के कारण वे अपनी मोटरसाइकिल की चाबी उसी में लगी छोड़ गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने घर चले गए। जब वे अपनी बाइक लेने वापस घटना स्थल पर पहुंचे, तो वहां से मोटरसाइकिल नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी जब बाइक का सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने सुशांत लोक थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।