Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 19 Mar, 2026 05:30 PM

गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित एक शराब के ठेके के बाहर दो युवतियों ने बड़ी चालाकी से एक युवक को अपनी बातों में उलझाया और महज कुछ ही पलों में उसकी कीमती सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गई।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित एक शराब के ठेके के बाहर दो युवतियों ने बड़ी चालाकी से एक युवक को अपनी बातों में उलझाया और महज कुछ ही पलों में उसकी कीमती सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बुधवार को सेक्टर-53 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, डीएलएफ फेज-तीन निवासी अनुराग वाधवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 18 मार्च की रात करीब दस बजे वह गोल्फ कोर्स रोड स्थित जी टाउन लिकर शॉप के बाहर अपनी कार में मौजूद थे। तभी दो युवतियां उनकी कार के पास आईं। उनमें से एक ने पिंक टॉप और दूसरी ने ब्लैक टॉप पहना हुआ था। उन्होंने अनुराग से सिगरेट मांगी। अनुराग ने बताया कि जैसे ही उन्होंने ब्लैक टॉप वाली युवती को सिगरेट दी, दूसरी युवती (पिंक टॉप) कार के दरवाजे के पास आ गई। उसने जबरन दरवाजा खोला और आपत्तिजनक सेवाओं का ऑफर देने लगी। जब अनुराग ने उसे जाने को कहा, तो उसने उनके हाथ से जलती हुई सिगरेट छीनने की कोशिश की और उनका हाथ अपनी ओर खींचते हुए उंगली पर जोर से चुटकी काट ली।
घबराए हुए अनुराग ने तुरंत अपने दोस्त को गाड़ी आगे बढ़ाने को कहा। करीब 200 मीटर आगे जाने के बाद जब उनका ध्यान अपनी उंगली पर गया, तो उनके होश उड़ गए। उनकी सोने की अंगूठी गायब थी। वे तुरंत वापस उस जगह पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवतियां वहां से गायब हो चुकी थी। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाली जा रही है। जल्द ही पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।