Edited By Isha, Updated: 14 Jul, 2026 08:44 AM

कलानौर थाना क्षेत्र की 2 छात्राओं को फर्जी टैलीग्राम आई.डी. बनाकर लगातार अश्लील, अभद्र और धमकी भरे संदेश भेजने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक: कलानौर थाना क्षेत्र की 2 छात्राओं को फर्जी टैलीग्राम आई.डी. बनाकर लगातार अश्लील, अभद्र और धमकी भरे संदेश भेजने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक युवक पर फर्जी आई.डी. संचालित कर दोनों छात्राओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्त्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी रोहतक स्थित एक अकादमी में नीट की तैयारी कर रही है और गर्ल्स होस्टल में रहती है। उसके साथ रहने वाली दूसरी छात्रा के मोबाइल फोन पर भी फर्जी टैलीग्राम आई.डी. से लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं।
इतना ही नहीं, अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर दोनों को धमकाया जा रहा है और उनके मोबाइल पर ओ.टी.पी. भी भेजे जा रहे हैं। जांच करने पर पता चला कि मनीष नामक युवक यह फर्जी आई.डी. चला रहा है। आरोप है कि वह आई.टी. का छात्र है और दोनों छात्राओं को बदनाम कर उनका करियर खराब करने की धमकी दे रहा है। परिवार को नुकसान पहुंचाने और जीवन बर्बाद करने जैसी चेतावनियां भी दी गई हैं। डर और मानसिक तनाव के कारण दोनों छात्राओं ने होस्टल छोड़ दिया है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मोबाइल नंबरों, टैलीग्राम आई.डी. और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।