Edited By Isha, Updated: 14 Jul, 2026 10:53 AM

गोहाना शहर में आज सुबह उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर रोहतक रोड स्थित ड्रेन नंबर-8 (नहर) में जा गिरी। गनीमत यह रही कि
गोहाना(सुनील): गोहाना शहर में आज सुबह उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर रोहतक रोड स्थित ड्रेन नंबर-8 (नहर) में जा गिरी। गनीमत यह रही कि ड्रेन में पानी का स्तर काफी कम था, जिसके चलते गाड़ी पूरी तरह नहीं डूबी और समय रहते चालक की जान बच गई।
चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा आज सुबह का है। गोहाना का रहने वाला दीपक अपनी थार गाड़ी में सवार होकर गोहाना से रोहतक की ओर जा रहा था। जब वह रोहतक रोड पर ड्रेन के पास पहुंचा, तो वहां पुलिस का एक नाका लगा हुआ था। नाके के समीप गाड़ी को मोड़ते समय अचानक दीपक का गाड़ी पर से नियंत्रण बिगड़ गया। संतुलन खोने के कारण थार सड़क से उतरकर सीधे ड्रेन नंबर-8 में जा गिरी।
थार गाड़ी को नहर में गिरता देख आसपास मौजूद लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए ड्रेन की तरफ दौड़े। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का दरवाजा खोलकर चालक दीपक को सुरक्षित बाहर निकाला। ड्रेन में पानी कम होने की वजह से गाड़ी डूबी नहीं, लेकिन इस हादसे में दीपक को चोटें आई हैं। घायल दीपक को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से ड्रेन में फंसी थार गाड़ी को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है कि यह हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या तेज रफ्तार के कारण।