Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 11 Mar, 2026 10:10 PM

देर रात बिना विभागीय अनुमति के बजाए जा रहे डीजे को बंद कराने गए पुलिसकर्मियों को लोगों ने पीट दिया। घटना सेक्टर-38 के कम्युनिटी सेंटर में हुई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए पांच आरोपियों को...
गुड़गांव, (ब्यूरो): देर रात बिना विभागीय अनुमति के बजाए जा रहे डीजे को बंद कराने गए पुलिसकर्मियों को लोगों ने पीट दिया। घटना सेक्टर-38 के कम्युनिटी सेंटर में हुई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 9 मार्च को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सेक्टर-38 के कम्युनिटी सेंटर में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। इस सूचना पर ईआरवी-271 की टीम मौके पर पहुंची। ईआरवी इंचार्ज ईएएसआई राजकुमार ने बताया कि रात करीब 11:14 बजे पुलिस कम्युनिटी सेंटर में कुछ व्यक्ति तेज आवाज में डीजे बजाते हुए पाए गए। पुलिस टीम द्वारा उनसे डीजे बजाने की परमिशन मांगी गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति परमिशन पेश नहीं कर सका। पुलिस टीम द्वारा डीजे बंद करने के लिए कहने व नाम-पता पूछने पर वहां मौजूद व्यक्तियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम का रास्ता रोककर धक्का मुक्की की और मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
इस पर उन्होंने सदर थाना पुलिस को सूचना देकर केस दर्ज कराया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान अमित कुमार (उम्र-33 वर्ष), 2. अरुण (उम्र-34 वर्ष), 3. हिमांशु (उम्र-24 वर्ष), 4. जतिन (उम्र-28 वर्ष) व 5. मनीष सैनी (उम्र-26 वर्ष) सभी निवासी गांव झाड़सा, सेक्टर-39 के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी अमित गुरुग्राम में ऑटो चलाता है। आरोपी अरुण गुरुग्राम में मेडिकल की दुकान पर काम करता है तथा आरोपी हिमांशु व मनीष सैनी गुरुग्राम में निजी कंपनी में कार्य करते हैं। आरोपियों ने बताया कि जब पुलिस टीम ने डीजे की परमिशन मांगी व डीजे बंद करवाने लगी, तब इन्होंने व इनके अन्य साथियों ने पुलिस टीम का रास्ता रोकते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। जांच के दौरान यह भी पता लगा कि आरोपी जतिन पर शस्त्र अधिनियम के तहत 1 केस व आरोपी हिमांशु पर मारपीट करके हत्या करने के तहत 1 केस गुरुग्राम में पहले भी दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।