Edited By Harman, Updated: 22 Apr, 2026 02:36 PM

कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा के मेन बाजार में मंगलवार रात एक ज्वेलर की दुकान पर गन प्वाइंट पर लूट की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर ज्वेलर को पिस्तौल दिखाकर डराया और अंगूठी व पर्स लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही...
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : जिले के लाडवा के मेन बाजार में मंगलवार रात एक ज्वेलर की दुकान पर गन प्वाइंट पर लूट की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में घुसकर ज्वेलर को पिस्तौल दिखाकर डराया और अंगूठी व पर्स लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजाजा बाजार निवासी शुकल्प कुमार अपनी मेन बाजार स्थित ज्वेलरी शॉप पर बैठे थे। रात करीब साढ़े 8 बजे बाइक पर आए दो नकाबपोश युवक दुकान के बाहर रुके। इसी दौरान एक बदमाश अंदर घुसा और आते ही ज्वेलर के पेट पर पिस्तौल तान दी।
तिजोरी की चाबी मांगकर दी धमकी
बदमाश ने शुकल्प को धमकाते हुए तिजोरी की चाबी मांगी। विरोध करने पर आरोपी ने जबरन उसके हाथों से दो अंगूठियां उतरवा लीं और जेब से पर्स निकाल लिया। जाते समय बदमाश ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और बाहर खड़े साथी के साथ बाइक पर फरार हो गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।