Edited By Manisha rana, Updated: 17 Apr, 2026 03:40 PM

कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ट्रेन में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन
मृतक की पहचान फतेहाबाद जिले के जाखल क्षेत्र के गांव चंदड़ कलां निवासी 67 वर्षीय रुलदुराम के रूप में हुई है। वह तीर्थ यात्रा से लौटकर अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि स्टेशन पहुंचने के बाद उन्होंने अपने बेटे से फोन पर बातचीत भी की थी। पुलिस के अनुसार रुलदुराम चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जेब में मिले आधार कार्ड से हुई पहचान
घटना के बाद पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उनकी पहचान हुई। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और पर्स भी मिला। पर्स में रखे कागजों पर लिखे फोन नंबरों के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। मृतक के बेटे हरविंद्र सिंह ने बताया कि उनके पिता करीब एक महीने पहले तीर्थ यात्रा पर गए थे और घटना से कुछ समय पहले उन्होंने फोन कर घर लौटने की जानकारी दी थी। लेकिन वह घर नहीं पहुंचे और बाद में पुलिस से हादसे की सूचना मिली। परिवार में उनकी पत्नी प्रेमो देवी, बेटे हरविंद्र सिंह और कुलविंद्र सिंह तथा बेटी बलजीत हैं। सभी बच्चे शादीशुदा हैं। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)