Edited By Krishan Rana, Updated: 09 Apr, 2026 04:14 PM

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र के हॉस्टल में आधी रात को एक बीटेक छात्र ने
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) कुरुक्षेत्र के हॉस्टल में आधी रात को एक बीटेक छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र अपने कमरे में पंखे से परने (कपड़े) के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय प्रियांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो सिरसा जिले के गांव शेरपुर का रहने वाला था। वह NIT कुरुक्षेत्र में बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र था और हॉस्टल नंबर-8 के कमरा नंबर 352 में रहता था। गौरतलब है कि NIT परिसर में आठ दिन के भीतर आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले नूंह जिले के गांव घासेड़ा निवासी 22 वर्षीय पवन कुमार ने भी हॉस्टल के कमरा नंबर 452 में फंदा लगाकर जान दे दी थी।
दोस्त के साथ रह रहा था प्रियांशु
पुलिस को दी जानकारी में सिरसा जिले के किशनपुरा गांव निवासी आदित्य ने बताया कि वह बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष का छात्र है और हॉस्टल नंबर-7 के कमरा नंबर 306 में रहता है। उसने बताया कि वह प्रियांशु को करीब डेढ़ साल से जानता था और पिछले करीब 10 दिनों से प्रियांशु उसके कमरे में ही सो रहा था।
आदित्य के अनुसार 2 अप्रैल को प्रियांशु अपने घर सिरसा गया था और 5 अप्रैल को वापस NIT लौटा था। 8 अप्रैल को उसने अपना पेपर दिया था। पेपर के बाद वह आदित्य के कमरे पर आ गया था। रात करीब 8 बजे जब उसे खाना खाने के लिए कहा गया तो उसने खाने से मना कर दिया।
फोन पर बोला – अगर तेरे कमरे में न मिलूं तो संभाल लेना
आदित्य ने बताया कि वह प्रियांशु को अपने कमरे में छोड़कर खाना खाने चला गया था। करीब साढ़े 9 बजे प्रियांशु का फोन आया और उसने कहा कि अगर मैं तेरे कमरे में न मिलूं तो मुझे मेरे कमरे में जाकर संभाल लेना। इसके बाद आदित्य वॉलीबॉल खेलने चला गया।
रात करीब 11 बजे जब वह वापस अपने कमरे में लौटा तो प्रियांशु वहां नहीं था। इसके बाद वह उसे देखने के लिए हॉस्टल नंबर-8 में उसके कमरे पर गया। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो उसने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।
रोशनदान से देखा तो पंखे से लटका मिला
जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने पास के कमरे के रोशनदान से अंदर झांककर देखा। अंदर प्रियांशु सफेद रंग के परने से पंखे पर फंदा लगाकर लटका हुआ था। इसके बाद तुरंत अन्य छात्रों और प्रशासन को सूचना दी गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना केयूके के SHO विशाल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। परिवार के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से NIT परिसर में छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)