Edited By Manisha rana, Updated: 16 Apr, 2026 05:13 PM

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में गुरुकुल ज्योतिसर के छात्र सक्षम डोबवाल ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में गुरुकुल ज्योतिसर के छात्र सक्षम डोबवाल ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। सक्षम को तीन विषयों में 100 में से 100 अंक मिले हैं। 16 वर्षीय सक्षम डोबवाल गुरुकुल ज्योतिसर के छात्र हैं और उन्होंने बिना किसी कोचिंग के गुरुकुल के हॉस्टल में रहकर यह उपलब्धि हासिल की है। सक्षम ने अंग्रेजी, गणित और कंप्यूटर एप्लीकेशन में पूरे 100 अंक प्राप्त किए, जबकि साइंस और सोशल साइंस में 99-99 अंक हासिल किए हैं। हिंदी में उन्हें 97 अंक मिले हैं।
UP का रहने वाला है सक्षम का परिवार
सक्षम का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव फलौदी का रहने वाला है। उनके पिता विपिन कुमार ईंट-भट्ठा चलाने के साथ-साथ खेती-बाड़ी भी करते हैं, जबकि मां मीरा डोबवाल गृहिणी हैं। सक्षम के बड़े भाई अभिषेक डोबवाल देहरादून (उत्तराखंड) से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। गुरुकुल ज्योतिसर के प्रिंसिपल अरुण कुमार ने बताया कि सक्षम ने आठवीं कक्षा में गुरुकुल में प्रवेश लिया था और शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है। उसकी इस सफलता से गुरुकुल का नाम भी रोशन हुआ है।
सक्षम डोबवाल का सपना है वैज्ञानिक बनना
सक्षम के पिता विपिन कुमार के अनुसार, सक्षम की खासियत यह है कि वह हर विषय को समझकर पढ़ता है और रटने में विश्वास नहीं करता। पढ़ाई के साथ-साथ उसे खेलकूद में भी रुचि है। सक्षम को बास्केटबॉल खेलना और रनिंग करना पसंद है और वह रोजाना शाम को कुछ समय खेल के लिए भी निकालता है। सक्षम डोबवाल का सपना वैज्ञानिक बनकर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में काम करने का है। फिलहाल वह राजस्थान के सीकर में रहकर JEE मेन्स की तैयारी कर रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)