Edited By Manisha rana, Updated: 11 Apr, 2026 01:40 PM

कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में बपदी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। प्राइवेट स्कूल बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और बस के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में बपदी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। प्राइवेट स्कूल बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और बस के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान जिया लाल (52) और लाल सिंह (56) निवासी शेरगढ़, जिला करनाल के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों लाडवा आए हुए थे और शाम करीब 4 बजे बाइक पर राशन लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बपदी रोड पर सुगनी देवी आर्य कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही दोनों भाई बाइक सहित सड़क पर गिर गए और बस के पिछले पहिए उनके ऊपर से निकल गए। इससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लाडवा के डीएसपी निर्मल सिंह और थाना प्रभारी गुरनाम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद आरोपी बस चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार जिया लाल अपने पीछे पत्नी बबली और बेटे राहुल को छोड़ गया है। राहुल ने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया हुआ है और इन दिनों घर में उसके रिश्ते की बातचीत चल रही थी। करीब दो साल पहले जिया लाल ने अपनी बेटी सपना की शादी की थी। वहीं लाल सिंह अपने पीछे पत्नी हुक्मी और बेटे सुखबीर को छोड़ गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए, जहां दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)