Edited By Isha, Updated: 28 Jun, 2026 03:25 PM

राज्य में सभी बड़े नालों, नालियों और ड्रेनों की सफाई 30 जून तक हर हाल में पूरी कराई जाएगी। जलभराव और संक्रमण रोकने के लिए गलियों की नालियों की नियमित सफाई के साथ आवश्यकतानुसार चूने का छिड़काव
चंडीगढ़: राज्य में सभी बड़े नालों, नालियों और ड्रेनों की सफाई 30 जून तक हर हाल में पूरी कराई जाएगी। जलभराव और संक्रमण रोकने के लिए गलियों की नालियों की नियमित सफाई के साथ आवश्यकतानुसार चूने का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बरसात से पहले शहरी निकायों की तैयारियों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश जारी किए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को परिणाम आधारित बनाने के लिए नगर निगमों और नगरपालिकाओं में वार्डों की त्रैमासिक रैंकिंग शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वाडों को 2 अक्तूबर को सम्मानित किया जाएगा। बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि प्रत्येक घर से नियमित कचरा संग्रहण हो, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी का ढेर न लगे और कचरा उठाने वाले सभी वाहनों को जीपीएस से जोड़ा जाएताकि उनकी निगरानी हो सके। वार्ड समितियों के लिए अलग पोर्टल विकसित करने और हर तीन माह में उनके साथ बैठक करने के भी निर्देश दिए गए।
सुशासन को मजबूत करने के लिए सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू करने, कर्मचारियों को हर महीने एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल पर कार्य विवरण अपलोड करने तथा सीएफएमएस और इंट्रा हरियाणा पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सीएम ने आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाने, जिला अस्पतालों की क्षमता मजबूत करने व मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड और प्रिस्क्रिप्शन को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द योजना से जोड़ा जाए ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।