Edited By Isha, Updated: 16 Jul, 2026 10:41 AM

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने करनाल जिले की महत्वाकांक्षी करनाल रिंग रोड परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी ): हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने करनाल जिले की महत्वाकांक्षी करनाल रिंग रोड परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण योजना नहीं, बल्कि करनाल शहर के भविष्य के यातायात प्रबंधन, औद्योगिक विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजना है। इसलिए परियोजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा को तत्काल दूर किया जाए। चंडीगढ़ में आयोजित इस बहु-विभागीय बैठक में करनाल रिंग रोड से जुड़े विभिन्न लंबित विषयों, विशेष रूप से बिजली लाइनों के स्थानांतरण, विद्युत ढांचे से जुड़े कार्यों, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा परियोजना के सुचारू संचालन से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) के प्रबंध निदेशक आदित्य दहिया, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के सदस्य हरप्रीत सिंह मनोचा, करनाल के उपायुक्त आनंद शर्मा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की परियोजना निदेशक आकृति गुप्ता सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बिजली संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
बैठक में परियोजना के रास्ते में आने वाले बिजली ढांचे, हाई टेंशन लाइनों तथा अन्य विद्युत संबंधी लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से इन कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जाए ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी आधारभूत परियोजना की सफलता विभागों के बेहतर समन्वय पर निर्भर करती है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और समस्याओं का समाधान समय रहते सुनिश्चित करें।
समयसीमा में पूरा हो रिंग रोड का निर्माण
हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि करनाल रिंग रोड परियोजना की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए तथा जिन मुद्दों के कारण कार्य में देरी हो रही है, उनका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण की समय-समय पर समीक्षा होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि करनाल तेजी से विकसित हो रहा शहर है और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए रिंग रोड का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके पूरा होने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी तथा लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
करनाल के समग्र विकास की दिशा में अहम कदम
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार करनाल जिले के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। करनाल रिंग रोड भी इन्हीं महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है, जिसके पूरा होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और औद्योगिक, व्यापारिक तथा सामाजिक गतिविधियों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।
बैठक में अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति से विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया। हरविंद्र कल्याण ने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें ताकि करनाल रिंग रोड का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।