Edited By Isha, Updated: 15 Jul, 2026 03:00 PM

थाना चीका पुलिस ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर दो नामों से पासपोर्ट बनवाने के आरोप में हुड्डा रिहायशी कॉलोनी-1, चीका निवासी रविंद्र अरोड़ा उर्फ जंगी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कैथल/गुहला/चीका(कपिल शर्मा): थाना चीका पुलिस ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर दो नामों से पासपोर्ट बनवाने के आरोप में हुड्डा रिहायशी कॉलोनी-1, चीका निवासी रविंद्र अरोड़ा उर्फ जंगी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौरतलब है रविंद्र अरोड़ा उर्फ जंगी ए.सी.बी. के सहयोगी के तौर पर दर्जनो भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे भिजवा चुके है। दर्ज एफआईआर के मुताबिक मामला वर्ष 2000-2001 के मध्य का है। एफ.आई.आर की यह कार्रवाई डी.एस.पी. कैथल की जांच रिपोर्ट तथा सिपाही विक्रम द्वारा प्रस्तुत सोर्स रिपोर्ट के आधार पर की गई।
एफआईआर के अनुसार जांच के दौरान वसीयतनामा, जमाबंदी, मतदाता सूची, राशन कार्ड तथा अन्य सरकारी अभिलेखों का मिलान किया गया। जांच में सिंगारा सिंह के परिवार के रिकॉर्ड में सिंगारा सिंह, स्वर्ण कौर, राजविंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह एवं गुरविंद्र सिंह के नाम दर्ज पाए गए, जबकि रविंद्र नाम का कोई सदस्य रिकॉर्ड में नहीं मिला।
जांच में यह भी पाया गया कि गुरविंद्र सिंह के नाम से जारी पासपोर्ट संख्या A8752861 के संबंध में डी.ए.वी कॉलेज, चीका से प्राप्त रिकॉर्ड के अनुसार उस नाम का कोई विद्यार्थी कभी नामांकित नहीं रहा। पुलिस का आरोप है कि रविंद्र अरोड़ा उर्फ जंगी ने गुरविंद्र सिंह के नाम से कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, चंडीगढ़ से पासपोर्ट जारी करवाया।
इन तथ्यों के आधार पर थाना चीका में एफ.आई.आर नंबर 172, दिनांक 10 जुलाई 2026 दर्ज की गई। आरोपी रविन्द्र अरोड़ा उर्फ जंगी के विरुद्ध पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(बी), 12(1)(सी), 12(1)(डी) तथा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 419, 420, 467, 468 एवं 471 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं इस मामले में रविंद्र अरोड़ा उर्फ जंगी का कहना है कि यह सब किसी दबाव में हुआ है। उनके खिलाफ साजिशन ऐसा किया गया है। उन्होंने मामले की जांच को किसी अन्य जिले में ट्रांसफर किए जाने की मांग की है। इस मामले में डी.एस.पी. कैथल सुशील प्रकाश ने कहा कि उनकी जांच पर यह मामला दर्ज हुआ है और कागजात में गड़बड़ी पाई गई है जिसके आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है।