Edited By Isha, Updated: 01 Nov, 2026 11:10 AM

करवाचौथ का दिन एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। जींद जिले के कारखाना गांव में 21 वर्षीय विवाहिता ईशा का शव घर में फंदे पर लटका मिला। मौत से पहले ईशा ने अपने भाई को पति सोनू और उसकी कथित प्रेमिका के बीच हुई वॉट्सऐप बातचीत भेजी थी। चैट में...
जींद(अमनदीप पिलानिया): करवाचौथ का दिन एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। जींद जिले के कारखाना गांव में 21 वर्षीय विवाहिता ईशा का शव घर में फंदे पर लटका मिला। मौत से पहले ईशा ने अपने भाई को पति सोनू और उसकी कथित प्रेमिका के बीच हुई वॉट्सऐप बातचीत भेजी थी। चैट में सोनू दूसरी महिला को 'आई लव यू' कहने के साथ उसका हालचाल पूछता और उसे मनाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। मृतका के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। ईशा के भाई आशीष का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। वहीं, पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति सोनू, ससुर बिल्लू और सास कविता के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौत से पहले भाई को भेजी थी पति की चैट
ईशा के भाई आशीष के अनुसार, 29 अक्टूबर को करवाचौथ के दिन उसकी बहन ने उसे पति की दूसरी महिला के साथ बातचीत के स्क्रीनशॉट भेजे थे। चैट में सोनू अपनी कथित गर्लफ्रेंड से प्यार का इजहार करने के अलावा उससे खाना खाने के बारे में पूछता और उसका मूड ठीक करने का प्रयास करता नजर आ रहा है। आशीष का कहना है कि पिता हृदय रोग से पीड़ित हैं, इसलिए उसने इस बातचीत के बारे में घर में किसी को नहीं बताया। उसे अंदाजा नहीं था कि उसी दिन उसकी बहन की जिंदगी खत्म हो जाएगी। बाद में ससुराल पक्ष से फोन आया कि ईशा ने फांसी लगा ली है।
शादी के बाद ही पति ने बता दिया था दूसरी महिला से प्यार
ईशा की मां ने आरोप लगाया कि सोनू का शादी से पहले ही किसी अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद सोनू ने ईशा को साफ कह दिया था कि वह किसी दूसरी महिला से प्यार करता है और उसके माता-पिता ने उसकी मर्जी के खिलाफ शादी करवाई है।़ मां के मुताबिक, सोनू ने ईशा से यह भी कहा था कि वह उससे ज्यादा उम्मीद न रखे, क्योंकि वह अब भी दूसरी महिला से प्यार करता है। परिवार का आरोप है कि सोनू के माता-पिता को भी उसके इस रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने शादी से पहले यह बात छिपाई।
परेशान होकर तीन महीने मायके में रही थी ईशा
मृतका की मां ने बताया कि शादी के बाद से ही ईशा मानसिक रूप से परेशान रहती थी। वह कई बार अपनी परेशानी परिवार को बताती थी। पिता की बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह सब कुछ सहती रही। इसी दौरान करीब तीन महीने तक मायके में भी रही। मां का कहना है कि अगर उन्हें बेटी के साथ होने वाली अनहोनी का अंदाजा होता तो वह किसी भी कीमत पर उसका तलाक करवा देतीं। उन्हें इस बात का दुख है कि बेटी की परेशानी को समय रहते खत्म नहीं करवा सकीं।
दिसंबर 2025 में हुई थी शादी, गर्भवती होने का भी दावा
जानकारी के अनुसार, पानीपत के राजा खेड़ी निवासी ईशा की शादी 4 दिसंबर 2025 को जींद जिले के कारखाना गांव निवासी सोनू के साथ हुई थी। सोनू सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है, जबकि उसके पिता बिल्लू शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, ईशा दो महीने की गर्भवती थी। हालांकि, पुलिस ने अभी गर्भवती होने की पुष्टि नहीं की है।
SHO बोले- शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले
सदर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति सोनू, ससुर बिल्लू और सास कविता के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। विवाहिता के गर्भवती होने की बात की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।