Edited By Krishan Rana, Updated: 22 Oct, 2026 02:22 PM

बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारियों की बुधवार रात 10 बजे से शुरू हुई हड़ताल का असर बिजली व्यवस्था पर
कैथल (जयपाल रसूलपुर): बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारियों की बुधवार रात 10 बजे से शुरू हुई हड़ताल का असर बिजली व्यवस्था पर दिखने लगा है। बिजली घरों में कर्मचारियों की जगह पुलिसकर्मी मोर्चा संभाल रहे हैं। लोगों की बिजली संबंधी शिकायतें भी पुलिसकर्मी सुन रहे हैं।
जिला स्तर पर बनाए गए हेल्पलाइन सेंटर पर गुरुवार सुबह 6 बजे से अब तक 1022 शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। वहीं, सीवन बिजली घर में सुबह साढ़े 10 बजे तक 125 शिकायतें पहुंच गईं। जिले के कई गांवों में देर रात से बिजली गुल होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजली घरों में पुलिस फोर्स के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए हैं। दूसरी ओर, बिजली सप्लाई में ब्रेकडाउन आने पर उसे ठीक करने के लिए निगम के पास अतिरिक्त कर्मचारियों का कोई बैकअप प्रबंध नहीं है। फीडरों में खराबी आने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है और मरम्मत के लिए निजी ठेकेदारों की मदद ली जा रही है।

1519 में से अधिकांश अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर
जिले में बिजली निगम के कुल 1519 अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें एक एसई और चार एसडीओ को छोड़कर बाकी अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। कैथल, पुंडरी और गुहला के तीनों एक्सईएन भी हड़ताल पर हैं। जिले में कुल 14 एसडीओ हैं। इनमें चार नए एसडीओ ड्यूटी पर हैं। एक को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि तीन एसडीओ कैथल, पुंडरी और गुहला क्षेत्र में फील्ड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
16 फीडरों में आई खराबी, ठेकेदारों से करवा रहे मरम्मत
हड़ताल के बीच बिजली सप्लाई जारी रहने के कारण जिले में अब तक 16 फीडरों में खराबी आने की जानकारी सामने आई है। इनकी मरम्मत निजी ठेकेदारों से करवाई जा रही है। हालांकि, बिजली निगम के एसई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय जिले में 10 फीडरों में ब्रेकडाउन है। इनमें छह शहरी और चार ग्रामीण क्षेत्र के फीडर शामिल हैं। स्थानीय ठेकेदार की मदद से दो फीडरों को चालू भी करवा दिया गया है।
जहां ब्रेकडाउन, वहां SDO की ड्यूटी: एसई भूपेंद्र सिंह
एसई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ब्रेकडाउन से निपटने के लिए जहां भी खराबी आती है, वहां SDO की ड्यूटी लगाई गई है। मरम्मत के लिए अतिरिक्त बैकअप की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में शांति बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)