Edited By Isha, Updated: 28 Jun, 2026 07:19 PM

हरियाणा के यमुनानगर के जोगिंद्र नगर इलाके में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गली से गुजर रही मुख्य बिजली की तारों में अचानक भयंकर स्पार्किंग और तेज धमाके होने लगे। करीब डेढ़ मिनट
यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता): हरियाणा के यमुनानगर के जोगिंद्र नगर इलाके में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गली से गुजर रही मुख्य बिजली की तारों में अचानक भयंकर स्पार्किंग और तेज धमाके होने लगे। करीब डेढ़ मिनट तक आसमान में चिंगारियां उड़ती रहीं और धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
पिघलकर नीचे गिरती रहीं तारें, टला बड़ा हादसा
चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके इतने तेज थे कि बिजली की तारें गर्मी के कारण पिघलकर नीचे गिरने लगीं। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही कोई गाड़ी वहां खड़ी थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। करीब डेढ़ मिनट तक लगातार चिंगारियां बरसने के बाद धमाके अपने आप शांत हो गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
हेल्पलाइन 1912 पर 10 बार किया फोन, नहीं मिला कोई जवाब
कॉलोनीवासियों ने बिजली निगम की लापरवाही पर भारी नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि शनिवार देर शाम को ही इलाके का एक फेज उड़ गया था, जिससे कई घरों की बत्ती गुल थी। इसकी शिकायत दर्ज कराने के लिए स्थानीय निवासियों ने बिजली निगम के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर करीब 10 बार फोन मिलाया, लेकिन हर बार निराशा हाथ लगी और कोई संपर्क नहीं हो सका। इसके कुछ ही देर बाद रात में यह बड़ा फॉल्ट हो गया।
उमस और भीषण गर्मी में कटी पूरी रात
धमाके बंद होने के बाद पूरे जोगिंद्र नगर इलाके की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच स्थानीय लोगों को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। बिजली न होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।