'पापा से अनबन के बाद छोड़ दिया था घर...' रेवाड़ी से लापता 12वीं का छात्र सिरसा डेरे से सकुशल बरामद

Edited By Isha, Updated: 15 Oct, 2026 09:18 AM

class 12 student who went missing from rewari found safe at sirsa dera

गांव खुर्रमपुर से लापता हुए 17 वर्षीय छात्र को पुलिस ने बुधवार सुबह सकुशल बरामद कर लिया। छात्र 10 अक्टूबर की रात घर से निकला था और ट्रेन में सवार होकर सिरसा स्थित एक डेरे में चला गया था। छात्र के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार...

रेवाड़ी(महेंद्र भारती): गांव खुर्रमपुर से लापता हुए 17 वर्षीय छात्र को पुलिस ने बुधवार सुबह सकुशल बरामद कर लिया। छात्र 10 अक्टूबर की रात घर से निकला था और ट्रेन में सवार होकर सिरसा स्थित एक डेरे में चला गया था। छात्र के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह छात्र बावल रेलवे स्टेशन पहुंचा और अंबेडकर चौक स्थित एक दुकान पर सामान लेने गया। दुकानदार ने उसे पहचान लिया और सीसीटीवी फुटेज बावल थाना प्रभारी को भेज दी। इसके बाद पुलिस टीम ने छात्र को नागरिक अस्पताल के पास से बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में छात्र ने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल में उसकी एक अन्य छात्र से कहासुनी हो गई थी। उसने इस बारे में अपने पिता को भी बताया था। इस मामले में मनचाहा सहयोग नहीं मिलने से नाराज होकर वह रात में बिना बताए घर से निकल गया था।

डीएसपी मुख्यालय संजीव बल्हारा ने बताया कि छात्र के पिता ओमपाल ने 10 अक्टूबर को बावल थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। उनका बेटा एसपीएम पब्लिक स्कूल, नंगली परसापुर में 12वीं कक्षा का छात्र है। 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह पिता के साथ सोया था। रात करीब एक बजे पिता की आंख खुली तो छात्र घर पर नहीं मिला। परिजनों ने रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। छात्र के नहीं मिलने से परेशान परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को बावल के सर छोटूराम चौक पर जाम लगा दिया था।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया और छात्र को जल्द बरामद करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोल दिया गया। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सीआईए रेवाड़ी और बावल थाना पुलिस की संयुक्त टीमें छात्र की तलाश में जुटी थीं। पुलिस तकनीकी सर्विलांस और अन्य सूचनाओं के आधार पर उसकी तलाश कर रही थी। छात्र के पिता ओमपाल ने बेटे की सकुशल बरामदगी पर एसपी, डीएसपी और बावल थाना पुलिस का धन्यवाद किया।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!