बहादुरगढ़ में BJP नेता की घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार चोरी, 3 चोर 7 मिनट में चुराकर हुए रफ्फूचक्कर

Edited By Harman, Updated: 16 Oct, 2026 12:59 PM

brezza car parked outside bjp leader s house stolen in bahadurgarh

बहादुरगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि रिहायशी इलाके में घर के बाहर खड़ी भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज की ब्रेजा कार भी सुरक्षित नहीं रही।

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि रिहायशी इलाके में घर के बाहर खड़ी भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज की ब्रेजा कार भी सुरक्षित नहीं रही। मामला गुरुवार तड़के करीब 4 बजे है। शहर के सेक्टर-6 में भाजपा नेता के घर के सामने क्रेटा कार में सवार होकर आए तीन संदिग्ध चोर महज 7 मिनट में कार चोरी कर फरार हो गए। चोर कार को हरियाणा से उत्तर प्रदेश तक ले गए। बाद में कार उत्तर प्रदेश के लोनी देहात से बरामद हुई। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बहादुरगढ़ से कार चोरी कर उत्तर प्रदेश तक ले गए चोर, लोनी देहात से बरामद हुई ब्रेजा

भाजपा नेता नरेश भारद्वाज के घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में तीन संदिग्धों की करतूत कैद हुई है। फुटेज के अनुसार, आरोपी क्रेटा कार से मौके पर पहुंचे और पहले आसपास की रेकी की। इसके बाद एक युवक ब्रेजा के पास पहुंचा और कुछ ही सेकेंड में लॉक खोलकर कार स्टार्ट कर दी। फिर तीनों संदिग्ध कार लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात को अंजाम देने में उन्हें करीब 7 मिनट लगे।

हैरानी की बात है कि रिहायशी इलाके में CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे गए। कॉलोनी में सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त नहीं होती। ऐसे में सवाल उठता है कि जब रिहायशी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का यह हाल है, तो आम नागरिकों के वाहन कितने सुरक्षित हैं?

कार में GPS सिस्टम लगा होने के कारण उसकी लोकेशन ट्रेस हुई। शुरुआती लोकेशन गाजियाबाद में मिलने के बाद चोरी हुई ब्रेजा कार उत्तर प्रदेश के लोनी देहात से बरामद कर ली गई। हालांकि, कार चोरी की इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और अपराधियों पर निगरानी के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। CCTV में तीन संदिग्ध दिखाई देने के बावजूद उनकी पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई अहम होगी।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज करीब 20 साल से पार्टी में सक्रिय हैं। वह जिला महामंत्री भी रह चुके हैं और वार्ड नंबर-21 से नगर परिषद का चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने पुलिस से चोरो को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करने की मांग की है। अब देखना होगा कि ये शातिर चोर आखिर कब तक पुलिस गिरफ्त में आते हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!