(VIDEO) Ambala स्टेशन पर बड़ा हादसा; पैर फिसलने से मालवा एक्सप्रेस के नीचे फंसा युवक, RPF जवानों ने बचाई जान; CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

Edited By Krishan Rana, Updated: 03 Nov, 2026 08:01 PM

अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ सकती

अंबाला (अमन कपूर) : अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ सकती थी। मालवा एक्सप्रेस में चढ़ते समय युवक का पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरा। उसका कमर तक का हिस्सा ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। 

ट्रेन की रफ्तार के साथ युवक करीब 15 मीटर तक घसीटता चला गया। गनीमत रही कि मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के दो जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरी घटना का 23 सेकेंड का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना 3 नवंबर की अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन की है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12920 मालवा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना हो रही थी। इसी दौरान सफेद शर्ट पहने और पीठ पर बैग टांगे एक युवक ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच जा पहुंचा। 

युवक का शरीर ट्रेन के साथ घसीटने लगा। यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। RPF जवानों और अन्य यात्रियों ने तुरंत उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद ट्रेन को भी रुकवा दिया गया।

15 मीटर तक घसीटता रहा युवक, फोन भी गिरा
युवक को बचाने वाले RPF कांस्टेबल अमित यादव ने बताया कि हादसे के दौरान युवक करीब 15 मीटर तक ट्रेन के साथ घसीटता चला गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत ट्रेन के गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवाई। इस दौरान युवक का मोबाइल फोन भी प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया था। युवक को सुरक्षित निकालने के बाद उसका फोन भी उसे वापस दे दिया गया। कांस्टेबल के मुताबिक, युवक को मामूली चोट आई थी। इसके बाद उसे उसी ट्रेन से रवाना कर दिया गया।

CCTV में कैद हुआ पूरी घटना का मंजर
 घटना का 23 सेकेंड का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि मालवा एक्सप्रेस रफ्तार पकड़ रही है और युवक उसमें चढ़ने की कोशिश करता है। अचानक पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस जाता है। ट्रेन के साथ घसीटते युवक को देखकर RPF जवान और आसपास मौजूद यात्री उसे बचाने के लिए दौड़ते हैं। कुछ ही पलों में युवक को बाहर निकाल लिया जाता है। RPF जवानों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!