Edited By Harman, Updated: 26 Oct, 2026 04:05 PM

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर अंबाला में सियासी पारा चढ़ गया है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने खड़गे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता का नाम लेकर उनका अपमान करने वाली टिप्पणी देश बर्दाश्त...
अंबाला (अमन कपूर) : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर अंबाला में सियासी पारा चढ़ गया है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने खड़गे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता का नाम लेकर उनका अपमान करने वाली टिप्पणी देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
अंबाला छावनी के सदर बाजार चौक पर अनिल विज और उनके समर्थकों ने खड़गे का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान विज ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति में विरोध की भी मर्यादा और नैतिकता होनी चाहिए। उन्होंने चाय बेचने के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा और कहा कि मेहनत करके परिवार पालना कोई अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र की खूबसूरती है।
अंबाला छावनी के सदर बाजार चौक पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, जहां खड़गे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया। इस दौरान विज ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता का नाम लेकर उनका अपमान करने वाली टिप्पणी को देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।उन्होंने भारतीय संस्कृति का हवाला देते हुए कहा कि हमारे यहां मातृ देवो भव, पितृ देवो भव की परंपरा है। माता-पिता को देवताओं के समान माना जाता है। ऐसे में राजनीति में किसी के मां-बाप को बीच में लाने की क्या जरूरत है?
विज ने प्रधानमंत्री के चाय बेचने के अतीत पर होने वाली टिप्पणियों को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि चाय बेचकर परिवार पालना कोई अपराध नहीं है। देश में करोड़ों लोग चाय बेचकर, रेहड़ी लगाकर, रिक्शा चलाकर और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं।क्या मेहनत करने वाला व्यक्ति देश के प्रधानमंत्री पद तक नहीं पहुंच सकता? विज ने कहा कि प्रधानमंत्री की साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि पर तंज कसना करोड़ों श्रमजीवियों के सम्मान पर चोट करने जैसा है। यही भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती है कि कोई भी व्यक्ति संघर्ष और मेहनत के दम पर ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।