Edited By Harman, Updated: 31 Oct, 2026 11:19 AM

हरियाणा के अंबाला सिटी के सोंढा गांव में शुक्रवार को पानी के हौद में डूबने से दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई।
अंबाला : हरियाणा के अंबाला सिटी के सोंढा गांव में शुक्रवार को पानी के हौद में डूबने से दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान चंदा कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची अपने माता-पिता के साथ गांव में किराये के मकान में रहती थी। परिवार मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चंदा के पिता छोटूराम दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि मां घर पर रहती हैं। बच्ची घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान वह खेलते-खेलते घर के बाहर बने पानी के हौद के पास पहुंच गई और उसमें गिर गई। हौद का इस्तेमाल मकान में रहने वाले किरायेदार पानी भरने के लिए करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी भरने के बाद इसे ढक्कन से बंद कर दिया जाता है लेकिन हादसे के समय यह खुला हुआ था। कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो मां ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के लोगों को भी बुलाया गया। इसी दौरान हौद में बच्ची दिखाई दी।
स्थानीय लोगों ने एक राहगीर युवक की मदद से उसे बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए। वहां से बच्ची को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहां पर रहने वाले लोगों के मुताबिक, परिवार को गांव में किराये पर रहते हुए अभी करीब एक महीना ही हुआ था। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। हादसे के समय हौद खुला कैसे रह गया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। बच्ची कितनी देर तक पानी में रही और हौद की गहराई कितनी थी, इसकी भी पुष्टि नहीं हो पाई है।