Edited By Manisha rana, Updated: 28 Jun, 2026 12:06 PM

रोहतक जिले के खरावड़ मंदिर के पास मन्नत हवेली के नजदीक स्थित दो दुकानों में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में एक गिफ्ट शॉप और एक आइसक्रीम पार्लर आ गए, जिससे दोनों दुकानों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक जिले के खरावड़ मंदिर के पास मन्नत हवेली के नजदीक स्थित दो दुकानों में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में एक गिफ्ट शॉप और एक आइसक्रीम पार्लर आ गए, जिससे दोनों दुकानों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद आस-पास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर समय रहते काबू पा लिया।
दमकल कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों तक भी लपटें फैल सकती थीं। दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
दुकानदारों को हुआ लाखों का नुकसान
वहीं पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि पूरा सामान जल गया और उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि जितना नुकसान आग से हुआ है, उससे कहीं अधिक खर्च अब दुकानों को दोबारा तैयार करने और कारोबार शुरू करने में आएगा। दुकानदारों ने कहा कि दुकान में कुछ भी नहीं बचा, सब कुछ जलकर राख हो गया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)