Edited By Krishan Rana, Updated: 29 Jun, 2026 03:43 PM

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हरियाणा और राजस्थान के बीच जल प्रबंधन को लेकर
हरियाणा डेस्क : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हरियाणा और राजस्थान के बीच जल प्रबंधन को लेकर एक ऐतिहासिक समझौता संपन्न हुआ। इस अवसर पर दोनों राज्यों के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे लंबे समय से लंबित जल संबंधी मुद्दों के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस मौके पर में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद रहे। बैठक के दौरान दोनों राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर सहमति बनी।
बता दें कि इस समझौते के तहत वर्ष 1994 के अपर यमुना रिवर बोर्ड समझौते के प्रावधानों के अनुसार राजस्थान को उसके हिस्से का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा, रेणुका, किशाऊ और लखवार बांध परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने पर सहमति बनी है।
केंद्र सरकार का मानना है कि इस समझौते से न केवल दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग मजबूत होगा, बल्कि जल संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी नई दिशा मिलेगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 1994 के समझौते के अनुसार जुलाई से लेकर अक्टूबर तक वर्षा के पानी को राजस्थान पेयजल के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा।
साथ ही सीएम सैनी ने कहा कि वर्षा के पानी को हथनीपुर बैराज से पाइपलाइन के माध्यम से राजस्थान भेजा जाएगा। हमारे बुजुर्गों और सनातन संस्कृति के अनुसार प्यासे को पानी उपलब्ध करवाना हम सब की सांझी जिम्मेदारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)