Edited By Krishan Rana, Updated: 28 Sep, 2026 04:37 PM

बावल के गांव धुलेड़ा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक सड़क हादसे में
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : बावल के गांव धुलेड़ा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खुर्द निवासी 16 वर्षीय अरुण पुत्र तुलसीराम की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अरुण मजदूरी करता था और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बीती रात करीब 9 बजे वह बाइक पर सवार होकर बनीपुर चौक से अपने गांव धुलेड़ा खुर्द की ओर जा रहा था। भारत पेट्रोल पंप के पास सुषमा हॉस्टल के सामने पहुंचने पर पीछे से आ रही वैगनआर कार पानी भरे गड्ढे से बचने के दौरान उसकी बाइक की ओर मुड़ गई।
बताया जा रहा है कि कार की चपेट में आने के बाद अरुण डिवाइडर से जा टकराया और सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना बावल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रणवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अरुण को एंबुलेंस की मदद से बावल सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार अरुण मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा होने के कारण यहां हादसे का खतरा बना रहता है।
उन्होंने संबंधित विभाग से जलभराव की समस्या दूर करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वैगनआर चालक की तलाश में जुटी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)