Edited By Krishan Rana, Updated: 27 Sep, 2026 07:42 PM

नशा तस्करी के मामले में जेल से छूटने के महज 5 दिन बाद ही एक युवक को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : नशा तस्करी के मामले में जेल से छूटने के महज 5 दिन बाद ही एक युवक को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर 6 किलो डोडा पोस्ट के साथ फिर काबू कर लिया गया। GRP और RPF की संयुक्त टास्क टीम ने प्लेटफार्म नंबर-4 से आरोपी अंकित कुमार उर्फ काला निवासी पाली, महेंद्रगढ़ को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 26 सितंबर को जीआरपी और आरपीएफ की टीम रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली साइड प्लेटफार्म नंबर-4 पर एएसआई सुरेंद्र मीणा ने संदिग्ध युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 किलो डोडा पोस्ट बरामद हुआ।
मामले में एसआई सतपाल द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे नशीले पदार्थ की सप्लाई करने वाले तथा इसे प्राप्त करने वालों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी दो बार नशा तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। वह पांच दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और छठे दिन दोबारा नशे की तस्करी करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यह कार्रवाई जीआरपी की एसपी आईपीएस प्रवीणा पी. के दिशा-निर्देश तथा जीआरपी डीएसपी राजेश चेची के मार्गदर्शन में की गई। जीआरपी और आरपीएफ द्वारा रेलवे स्टेशन पर नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)