Edited By Harman, Updated: 16 Aug, 2026 03:08 PM

हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17 और 18 अगस्त को राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17 और 18 अगस्त को राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
18 अगस्त को बारिश का दायरा बढ़ने और राज्य के कई हिस्सों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। आज 12.30 बजे आईएमडी के अनुसार 17 अगस्त को हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो बारिश की गतिविधियों के अनुकूल है। समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, बरेली, लखनऊ और जमशेदपुर से गुजरते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से होकर आगे बढ़ रही है। हरियाणा में चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के कई अन्य जिलों में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है।
बारिश की गतिविधियां 18 अगस्त को और तेज तथा व्यापक होने का अनुमान है। हरियाणा में पंचकूला और यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत समेत प्रदेश के बड़े हिस्से में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।