Edited By Isha, Updated: 17 Oct, 2026 03:05 PM

फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने चाकू से गर्दन पर वार कर वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव निवासी...
फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने चाकू से गर्दन पर वार कर वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव निवासी गोपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गोपाल डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था और श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में किराये के मकान में रहता था। उसकी पत्नी काजल अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी। दो दिन पहले ही काजल अपनी बेटी शालिनी और दो बेटों को लेकर गोपाल के पास फरीदाबाद आई थी।
वीरवार शाम गोपाल की बेटी शालिनी ने अपने पिता के भाई अशोक को फोन कर गोपाल की तबीयत खराब होने की जानकारी दी और जल्द फरीदाबाद आने को कहा। इसके बाद अशोक परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मकान पर पहुंचा। वहां गोपाल का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान काजल ने अपने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। योगेंद्र भी हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, काजल ने ही उसे हत्या के लिए गांव से बुलाया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वारदात के समय गोपाल और काजल एक कमरे में सो रहे थे, जबकि तीनों बच्चे दूसरे कमरे में थे। आरोप है कि इसी दौरान काजल ने योगेंद्र को कमरे में बुलाया और दोनों ने मिलकर गोपाल की हत्या कर दी। वारदात के बाद योगेंद्र मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, काजल पिछले करीब तीन साल से योगेंद्र के संपर्क में थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बेटी शालिनी पर भी संदेह जताया था, लेकिन अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।