Haryana: पिंजौर में बनेगी फिल्म सिटी, प्रदेशभर के पर्यटन केंद्रों को दिया जाएगा आधुनिक रूप

Edited By Manisha rana, Updated: 28 Mar, 2026 02:53 PM

haryana film city to be built in pinjore

हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के पिंजौर में फिल्म सिटी के निर्माण की पहल की गई है। करीब 100 एकड़ में आधुनिक एवं भव्य फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा।

हरियाणा डेस्क: हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के पिंजौर में फिल्म सिटी के निर्माण की पहल की गई है। करीब 100 एकड़ में आधुनिक एवं भव्य फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह से पानीपत युद्धभूमि व्याख्यान केंद्र को 16 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। फरीदाबाद के अरावली गोल्फ कोर्स को विश्वस्तरीय स्पोर्टस केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है। खास बात यह है कि प्रदेश के सभी टूरिस्ट कॉम्पलैक्स को भी आधुनिक रूप दिया जाएगा और यहां पर साल में 2 बार पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए खूब काम किए हैं। इस कड़ी में प्रदेश के इकलौते पहाड़ी क्षेत्र मोरनी हिल्स को एडवेंचर टूरिज्म का हब बनाने की पहल की गई। मोरनी में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों के अलावा पैराग्लाइडिंग शुरू की गई है। माऊंटेन बाइकिंग व सर्किट रूट्स की शुरूआत की गई है। इसके अलावा सरकार की ओर से कुरुक्षेत्र में हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाए जाने की एक अनूठी परम्परा भी इसी सरकार में शुरू की गई। प्रदेश के बदहाल हो गए पर्यटन केंद्रों को सुधारने की दिशा में काम हुआ। राखीगढ़ी में 6 एकड़ में संग्रहालय बनाया गया तो अम्बाला कैंट में 22 एकड़ में शहीदी स्मारक बनाया गया है। हरियाणा में पर्यटन का विस्तार तेजी से हो रहा है, जिसमें ऐतिहासिक स्थलों (कुरुक्षेत्र, पानीपत), ईको-टूरिज्म (मोरनी हिल्स, कलेसर) और सूरजकुंड शिल्प मेले जैसे आयोजनों पर जोर दिया जा रहा है।

मोरनी हिल्स हरियाणा का एक खूबसूरत हिल स्टेशनः मोरनी हिल्स हिमालय की शिवालिक रेंज की शाखाएं हैं जो 2 समानांतर पर्वतमालाओं में चलती हैं। मोरनी गांव समुद्र तल से 1220 मीटर ऊंचाई पर पहाड़ी पर स्थित है। पहाड़ियों की तलहटी में 2 झीलें हैं। टिक्कर ताल झील 550 मीटर लंबी और 460 मीटर चौड़ी है। एक पहाड़ी 2 झीलों को विभाजित करती है लेकिन उनमें एक छिपी हुई चैनल होने का सिद्धांत है क्योंकि 2 झीलों का जल स्तर लगभग समान ही रहता है। 

मोरनी के स्थानीय लोग झीलों को पवित्र मानते हैं। चंडीगढ़ से नजदीक मोरनी हिल्स हरियाणा का एक खूबसूरत हिल स्टेशन है जो अपने ऐतिहासिक, प्राकृतिक और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है। मोरनी हिल्स में टिक्करताल, एडवेंचर पार्क, पुराना किला सहित कई मंदिर भी हैं। पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने मोरनी को एक भव्य पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया है। साल 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के नूंह और गुरुग्राम में 10 हजार एकड़ में जंगल सफारी बनाने की पहल की थी। 2022 में ही तत्कालीन केंद्रीय वन व पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शारजाह सफारी पार्क का दौरा किया था जहां उन्होंने इसके डिजाइन और संचालन के संबंध में जानकारियां प्राप्त कीं। 

पर्यटन को लगातार बढ़ावा दे रही है सरकार : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी का कहना है कि सरकार की ओर से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश के ऐतिहासिक स्थान राखीगढ़ी को विश्वस्तरीय शोध केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस तरह से सरकार ने फिल्म जगत को बढ़ावा देने और कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए 2 चरणों में फिल्म सिटी बनाने का निर्णय लिया है। पहले चरण में जिला पंचकूला के पिंजौर में 100 एकड़ में फिल्म सिटी बनाई जा रही है। इसके लिए जमीन निर्धारित की जा चुकी है और इस परियोजना के लिए कन्सल्टेंट लगाने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही फिल्म सिटी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। दूसरे चरण में गुरुग्राम में फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जमीन के चयन की प्रक्रिया जारी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!