Edited By Yakeen Kumar, Updated: 06 Aug, 2025 02:44 PM

सोनीपत जिले के गन्नौर में करीब 10 महीने पहले बुलेट सवार 2 लोगों की अज्ञात वाहन की टक्कर के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने जांच के आधार पर रोडवेज बस चालक को गिरफ्तार किया है।
गन्नौर (कपिल शर्मा) : सोनीपत जिले के गन्नौर में करीब 10 महीने पहले बुलेट सवार 2 लोगों की अज्ञात वाहन की टक्कर के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने जांच के आधार पर रोडवेज बस चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव काटी निवासी तोख राज के रूप में हुई है।
गन्नौर एसीपी ऋषिकांत ने जानकारी देते हुए बताया कि सोनीपत के NH-44 पर बड़ी थाना क्षेत्र में 20 अक्तूबर 2024 को पानीपत जिले के रहने वाले 2 दोस्त प्रवीण और दीपक रात 12 बजे अपनी बुलेट पर जा रहे थे। दोनों फ्लिपकार्ट में काम करते थे। जब वह जा रहे थे तो काली माता मंदिर के पास उनकी बुलेट को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी के साथ फरार हो गया।
बस के पेंट से हुआ शक
एसीपी ने बताया कि इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई थी। मृतक प्रवीण के भाई दीपक की शिकायत पर बड़ी थाना में अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होनें बताया कि हादसे के दौरान एक कांच का टुकड़ा मिला था। सीसीटीवी से पता चला कि उस समय करीब 10 रोडवेज बसे वहां से गुजरी थी। सभी को चेक करने पर बस के पेंट पर शक हुआ। वैसा ही पेंट बुलेट पर भी लगा हुआ था। उन्होनें बताया कि पेंट को लैब में भेजा गया, जहां उस बस के साथ मैच हो गया। बुलेट को टक्कर मारने वाली रोडवेज बस रेवाड़ी डिपो की है। पुलिस से आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)