शादी वाले घर में घुस दुल्हे को गोली मारने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, गनपॉइंट पर लूटा था लाखों का कैश और ज्वेलरी

Edited By Yakeen Kumar, Updated: 24 Nov, 2025 08:11 PM

five accused arrested for entering wedding house and shooting groom

करनाल की सुभाष कॉलोनी में सोमवार सुबह एक खौफनाक वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया। शादी की तैयारियों में जुटे ठेकेदार के परिवार पर 5 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर उन्हें करीब 45 मिनट तक बंधक बनाए रखा।

करनाल : करनाल की सुभाष कॉलोनी में सोमवार सुबह एक खौफनाक वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया। शादी की तैयारियों में जुटे ठेकेदार के परिवार पर 5 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर उन्हें करीब 45 मिनट तक बंधक बनाए रखा। वारदात SP कैंप ऑफिस से मात्र 100–150 मीटर की दूरी पर हुई। बदमाशों ने गन प्वॉइंट पर महिलाओं से आभूषण उतरवाए, घर में रखा कैश और ज्वेलरी लूटी, CCTV का DVR उखाड़ा और एक साल पुरानी वरना कार लेकर भाग निकले। जाते-जाते 5 राउंड फायर भी किए।

डकैतों ने फरार होने के लिए पहले बसंत विहार में कार छोड़ी और फिर ऑटो से बस स्टैंड पहुंचकर बस में सवार हो गए। सूचना मिलते ही SP गंगाराम पूनिया और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। CIA स्टाफ ने मात्र 3 घंटे में पंजाब के मोहाली के जीरकपुर से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों की पहचान लुधियाना निवासी राजीव उर्फ राजा, दीपक उर्फ हैरी, प्रिंस, अमृतपाल और अभिषेक के रूप में बताई जा रही है।

PunjabKesari

पीड़ित परिवार के मुताबिक बदमाश 25 तोले सोना-चांदी, 10-12 लाख रुपये कैश और परिवार की विदेशी मुद्रा तक ले गए। गोली लगने से घायल दूल्हा आदित्य, जिसकी 10 दिन बाद शादी थी, अस्पताल में भर्ती है और उसकी सर्जरी हो चुकी है।

मकान मालिक मनोज ने बताया कि सुबह सवा 8 बजे उसकी बहन गेट पर थी, तभी बदमाश डॉक्टर का घर पूछते हुए आए और गन प्वॉइंट पर अंदर घुस आए। आते ही उन्होंने आदित्य को गोली मारी, फिर पत्नी को लॉकर खोलने के लिए मजबूर किया। महिलाओं के गहने तक खींच लिए गए। मनोज ने शक जताया कि उनका घर हाल ही में बना था, इसलिए संभव है कि निर्माण कार्य में जुड़े मजदूरों ने ही बदमाशों को जानकारी दी हो।

पीड़ित ने बताया कि बदमाश पंजाबी में बात कर रहे थे और बीच-बीच में हरियाणवी में बातचीत कर भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि यह पूरी तरह से साजिश के तहत की और पहले रेकी की गई थी। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!