फरीदाबाद में ठेकेदार की हत्या, गोदाम में सोते समय हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

Edited By Manisha rana, Updated: 22 May, 2026 01:41 PM

contractor murdered in faridabad

फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र स्थित गाजीपुर इलाके में देर रात राख पैकिंग गोदाम में सो रहे युवक की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र स्थित गाजीपुर इलाके में देर रात राख पैकिंग गोदाम में सो रहे युवक की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय योगेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और गोदाम में ठेकेदारी का काम करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

देर रात लौटा था बिहार से

जानकारी के अनुसार घटना की सूचना सुबह करीब 5:30 बजे डबुआ थाना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संगम दहिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया कि योगेश कुमार वीरवार देर रात करीब 11 बजे बिहार से कुछ मजदूरों को लेकर गोदाम पर पहुंचा था। मजदूरों के साथ खाना खाने के बाद सभी लोग रात करीब 1 बजे अलग-अलग स्थानों पर सो गए थे। योगेश गोदाम परिसर में खाट पर सो रहा था।

पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी 

प्रारंभिक जांच के अनुसार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने योगेश के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोदाम में मौजूद अन्य मजदूरों ने पुलिस को बताया कि रात में उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। सुबह जब मजदूर उठे तो उन्होंने योगेश को खाट पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच 

डबुआ थाना प्रभारी संगम दहिया ने बताया कि गोदाम में करीब 15 से 25 मजदूर रहते हैं और सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि देर रात गोदाम में कौन आया था और हत्या के पीछे क्या कारण हो सकता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!