Edited By Isha, Updated: 22 May, 2026 04:35 PM

फरीदाबाद में एक नाबालिग लड़की से प्रेम -प्रसंग के चलते बैडमिंटन के स्टेट लेवल के खिलाड़ी की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक पुलिस तफ्तीश में शामिल होने आये एक
फरीदाबाद (अनिल राठी): फरीदाबाद में एक नाबालिग लड़की से प्रेम -प्रसंग के चलते बैडमिंटन के स्टेट लेवल के खिलाड़ी की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक पुलिस तफ्तीश में शामिल होने आये एक युवक को लड़की के परिवार के लोगों ने किडनैप किया और उसके साथ मारपीट की। तीन दिन बाद जब परिजनों को युवक घायल हालत में मिला तो उसको इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी मृतक युवक मोनू (21) के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि मोनू ने हाल में ही 12वीं क्लास के पेपर दिए थे। उसने परीक्षा 70 फीसद अंक से पास की थी। उसने स्कूल की तरफ से स्टेट लेवल पर बैडमिंटन चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया था। जिला स्तर पर उसके पास कई मेडल भी थे। मोनू दो भाई थे और पिता भीम सिंह ड्राइवर है।
फरीदाबाद के तिगांव के अधाना पट्टी के रहने वाले कुलभूषण की बेटी के मामा सैदपुर गांव में है। जहां पर वह आया-जाया करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच में प्रेम हो गया। घायल हालात में मोनू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल के महीने में मोनू कुलभूषण की नाबालिक बेटी को भगाकर ले गया था। जिसको लेकर तिंगाव थाना में उसके खिलाफ कुलभूषण के द्वारा मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने लड़की को उसके घर से बरामद कर लिया था लेकिन वह फरार चल रहा था।
परिजन बोले लड़के के घरवालों ने किडनैप किया
मृतक के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि 17 मई को मौनू घर से यह कहकर निकला था कि वह तिंगाव थाना में तफ्तीश में शामिल होने के लिए जा रहा हूं। लेकिन लड़की के परिवार के लोगों ने उसका किडनैप कर लिया और उसके साथ मारपीट कर डाली। 3 दिन तक वह उसको लगातार टार्चर करते रहे।
20 मई को पुलिस का उनके पास कॉल आया कि मौनू घायल हालत में उनको कुलभूषण के घर के बाहर मिला है। जिसको वह इलाज के लिए लेकर जा रहे है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और मौनू को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान हुई मौत
चाचा नरेन्द्र ने बताया कि उन्होंने 20 मई को इलाज के लिए मोनू को निजी अस्पताल में एडमिट करा दिया था। लेकिन आज इलाज के लिए दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है तीन दिनों तक इसको किडनैप करके उसके साथ मारपीट की गई। जिससे उसकी मौत हुई है।
पुलिस ने दो को राउंडअप किया
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को राउंडअप कर लिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर किडनैपिंग की धाराएं सहित दूसरी धारा लगाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।