Edited By Isha, Updated: 30 Sep, 2026 09:57 AM

यमुनानगर में एक बार फिर हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। मामला छछरौली थाना क्षेत्र के गांव जयधर का है, जहां श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ है।
यमुनानगर(परवेज): यमुनानगर में एक बार फिर हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। मामला छछरौली थाना क्षेत्र के गांव जयधर का है, जहां श्मशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते के पास एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ है। सुबह के समय गांव के कुछ लोग सैर के लिए निकले थे।
इसी दौरान उनकी नजर रास्ते के पास पड़े शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही CIA और फॉरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और विशेषज्ञ टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतक के चेहरे को बुरी तरह कुचला गया है। सिर पर भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती तौर पर मामला हत्या का माना जा रहा है, हालांकि हत्या किस वजह से और किसने की, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
सबसे अहम बात यह है कि मृतक की जेब से नोटों की गड्डी और बाइक की चाबी भी बरामद हुई है। ऐसे में पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ करने के साथ-साथ मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। फॉरेंसिक टीम मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस व्यक्ति की हत्या किसने और किस वजह से की।