Edited By Isha, Updated: 03 Sep, 2025 09:52 AM

अमेरिका में रह रहे करनाल के अशोक नगर निवासी शम्मी वर्मा (34) को दुष्कर्म के आरोप में अमेरिकन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शम्मी ने दोस्ती करके दो महिलाओं साथ दुष्कर्म किया।
करनाल: अमेरिका में रह रहे करनाल के अशोक नगर निवासी शम्मी वर्मा (34) को दुष्कर्म के आरोप में अमेरिकन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शम्मी ने दोस्ती करके दो महिलाओं साथ दुष्कर्म किया। दोनों महिलाओं की अलग-अलग शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी अमेरिका की सांता रोजा पुलिस ने सोशल मीडिया पर दी है।
जनवरी, 2025 में दर्ज हुई पहली शिकायत में एक महिला ने सांता रोजा पुलिस को बताया कि जून, 2024 में आरोपी शम्मी ने बातचीत का बहाना बनाकर उससे मुलाकात की और फिर अपनी कार में दुष्कर्म किया। जांच घरेलू हिंसा यौन शोषण टीम (डीवीएसए) को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि आरोपी अमेरिका में सैम और वर्मा नाम का भी इस्तेमाल करता है।
जांच के दौरान सामने आया कि रोनेर्ट पार्क पुलिस विभाग (आरपीडीपीएस) भी आरोपी से जुड़े एक अन्य मामले की जांच कर रहा है। फरवरी, 2025 में भी शम्मी ने एक और महिला को अपनी गाड़ी में बुलाकर दुष्कर्म किया था। इस खुलासे के बाद दोनों विभागों ने मिलकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे सोनोमा काउंटी मेन एडल्ट डिटेंशन फैसिलिटी में गंभीर अपराधों के आरोप में नामजद किया। इसके बाद आरोपी को अदालत ने जेल भेज दिया।
सांता रोजा पुलिस ने आरोपी का फोटो और जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की ताकि अन्य कोई महिला आरोपी का शिकार हुई हो तो वह शिकायत पुलिस को दे। बताया जा रहा है कि हरियाणा रोडवेज से पिता की सेवानिवृत्ति के बाद मिली धनराशि को खर्च करके आरोपी 2022 में अमेरिका गया था।