Edited By Isha, Updated: 19 Mar, 2026 12:21 PM

इंद्री क्षेत्र में लगातार गौवंश के अवशेष मिलने की लोगो में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को गांव धमंहेड़ी के पास पश्चिमी यमुना नहर में 7 गौवंश के अवशेष मिलने के बाद बुधवार को फिर 5 गौवंश के अवशेष बरामद
इंद्री (मैनपाल): इंद्री क्षेत्र में लगातार गौवंश के अवशेष मिलने की लोगो में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को गांव धमंहेड़ी के पास पश्चिमी यमुना नहर में 7 गौवंश के अवशेष मिलने के बाद बुधवार को फिर 5 गौवंश के अवशेष बरामद होने से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
घटनाओं से गुस्साए लोगों ने करनाल स्टेट हाईवे पर इंद्री कोर्ट गेट के सामने जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। जाम की सूचना मिलते ही इंद्री के डीएसपी सतीश गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी गौवंश के हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति को संभालने के लिए इंद्री के एसडीएम अनिल यादव भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और उन्हें आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और पश्चिमी यमुना नहर पर 24 घंटे पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग रखी। लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने करीब दो घंटे बाद जाम खोल दिया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौ रक्षा दल के कार्यकर्त्ता मोनू का कहना की गौवंश के लगातर अवशेष मिल रहे है पुलिस को गौवश के हत्यारो की गिरफ्तारी को लेकर 24 घंटे का समय दी हे जल्द आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तो उसके बाद फिर रोड जाम किया जायेगा। एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोनों दिनों में कुल 12 गौवंश के अवशेष मिले हैं और दोषियों की तलाश जारी है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
डीएसपी सतीश गौतम ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।