ठगी का शिकार CSC ऑपरेटर 60 घंटे से लापता, विदेश भेजने के नाम पर  गंवाए 7.5 लाख रूपए... सर्च ऑपरेशन रुका

Edited By Isha, Updated: 16 May, 2026 03:36 PM

csc operator who was a victim of fraud is missing for 60 hours

कुरुक्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए CSC ऑपरेटर पुनीत का 60 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार चार दिन तक चले सर्च ऑपरेशन

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए CSC ऑपरेटर पुनीत का 60 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार चार दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF टीम और गोताखोरों ने फिलहाल भाखड़ा नहर में तलाश अभियान रोक दिया है। हालांकि परिवार के सदस्य अब भी नहर किनारे डटे हुए हैं और अपने स्तर पर निगरानी कर रहे हैं।

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि यदि पुनीत नहर में डूबा होता तो 3 से 4 दिनों के भीतर शव पानी में ऊपर आ जाता, लेकिन 50 घंटे से ज्यादा समय गुजरने के बाद भी कुछ नहीं मिला। इसी कारण सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वहीं ज्योतिसर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई ढांड थाना पुलिस कर रही है और उनकी तरफ से अभी कोई नया इनपुट नहीं मिला है।

जानकारी के अनुसार पुनीत कैथल जिले के कोल गांव का रहने वाला था और गांव में CSC सेंटर चलाता था। सोमवार देर रात वह अचानक अपनी कार लेकर घर से निकल गया। उसकी पत्नी ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बिना कुछ बताए चला गया। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए।

अगली सुबह उसकी कार कुरुक्षेत्र के मिर्जापुर नहर पुल के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद आशंका जताई गई कि उसने नहर में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे और मिर्जापुर पुल से लेकर किरमिच पुल तक नहर में लगातार सर्च अभियान चलाया गया।

लापता होने से पहले पुनीत ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो में उसने दो एजेंटों पर विदेश भेजने के नाम पर करीब साढ़े सात लाख रुपए की ठगी करने के आरोप लगाए थे। पुनीत ने बताया था कि वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात दोमाड़ा गांव निवासी बिट्टू से हुई थी, जिसने उसे अपनी मासी के बेटे बलजीत से मिलवाया। दोनों ने उसे न्यूजीलैंड भेजने का भरोसा दिया था।

पुनीत के मुताबिक आरोपियों ने उससे पैसे लेने के बाद विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कराने का दावा किया और बाद में जर्मनी भेजने के नाम पर कई बार दिल्ली के चक्कर भी लगवाए। आरोप है कि इसके बाद दोनों आरोपी खुद विदेश फरार हो गए। वीडियो में पुनीत ने बिट्टू और बलजीत को किसी भी अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

पुनीत के मामा के लड़के सतीश ने बताया कि सोमवार रात वह बिना किसी को बताए घर से निकला था। बाद में परिवार को सूचना मिली कि उसकी कार मिर्जापुर नहर पुल के पास खड़ी है। इसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी गई। परिवार के सदस्य अब भी नहर किनारे पहरा देकर पुनीत के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


 
 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!