Edited By Manisha rana, Updated: 16 May, 2026 10:21 AM

हांसी रेलवे स्टेशन से शुक्रवार देर शाम सचखंड श्री हुजूर साहिब नांदेड़ के लिए एक विशेष ट्रेन रवाना हुई। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और विधायक विनोद भयाना ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन सिरसा से चलकर हांसी पहुंची थी।
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी रेलवे स्टेशन से शुक्रवार देर शाम सचखंड श्री हुजूर साहिब नांदेड़ के लिए एक विशेष ट्रेन रवाना हुई। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और विधायक विनोद भयाना ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन सिरसा से चलकर हांसी पहुंची थी।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हांसी और जींद जिले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा पर गए हैं। रेलवे स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में भारी उत्साह देखा गया। जयकारों और शबद कीर्तन के बीच श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ ट्रेन में सवार हुए। यात्रियों ने सरकार की इस योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना से प्रदेश के लाखों श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना के तहत श्रद्धालु अयोध्या, प्रयागराज और श्री नांदेड़ साहिब सहित देश के कई धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की इस पहल की देशभर में सराहना हो रही है और अन्य राज्य भी इससे प्रेरणा ले रहे हैं। विधायक विनोद भयाना ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व है। भयाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक ने तीर्थ यात्रियों से अनुशासन, स्वच्छता और भाईचारे का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे हांसी और हरियाणा की संस्कृति के प्रतिनिधि के रूप में यात्रा करें और लौटकर समाज में प्रेम, सद्भाव तथा सकारात्मक ऊर्जा का संदेश फैलाएं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)