Edited By Harman, Updated: 02 May, 2026 03:36 PM

करनाल के तरावड़ी में जीटी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। बाइक सवार एक युवक पेट्रोल डलवाने के बहाने आया और बाद में पिस्तौल निकालकर सेल्समैन को धमका दिया। विरोध करने पर धक्का-मुक्की हुई और इसी दौरान फायर हुआ, जो हवा में...
करनाल : करनाल के तरावड़ी में जीटी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। बाइक सवार एक युवक पेट्रोल डलवाने के बहाने आया और बाद में पिस्तौल निकालकर सेल्समैन को धमका दिया। विरोध करने पर धक्का-मुक्की हुई और इसी दौरान फायर हुआ, जो हवा में चला गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस व एफएसएल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप के सेल्समैन सुरेश ने बताया सुबह के वक़्त एक युवक ने 100 रुपए का पेट्रोल डलवाया और पैसे भी दे दिए। जैसे ही सुरेश कुमार शोरूम की तरफ वापस जाने लगा तो आरोपी उसके पीछे-पीछे पहुंच गया। फिर पिस्तौल दिखाकर कैश मांगने लगा। सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने अपनी कमीज उठाकर जेब से पिस्तौल निकाली और उस पर तान दी। आरोपी ने उससे कहा कि जितना कैश है, निकाल दे। इस पर सुरेश ने हिम्मत दिखाते हुए पिस्तौल पर हाथ मार दिया और शोर मचा दिया। विरोध करने पर धक्का-मुक्की हुई और इसी दौरान फायर हुआ,जो हवा में चला गया। वहीं इस घटना में सुरेश कुमार बाल-बाल बचे। शोर सुनकर उसका साथी गांव तखाना निवासी नरेश कुमार शोरूम से उठकर मौके पर पहुंचा। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस व एफएसएल की टीम ने गोली का खोल बरामद किया। इसके अलावा पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि आराेपी के बारे में कोई जानकारी मिल सके। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।