Edited By Isha, Updated: 01 May, 2026 12:08 PM
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-29 से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक ऊँची पहुँच वाली युवती ने मामूली विवाद में अपनी ही पड़ोस में रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला
फरीदाबाद(अनिल राठी): हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-29 से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक ऊँची पहुँच वाली युवती ने मामूली विवाद में अपनी ही पड़ोस में रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित महिला की पहचान रेखा तुली (75) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 6:15 बजे की है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक एडवोकेट की बेटी ने बुजुर्ग रेखा तुली पर अचानक हमला बोल दिया। युवती ने तैश में आकर बुजुर्ग महिला को एक के बाद एक 10 से 12 थप्पड़ जड़े। थप्पड़ों की गूँज और हमले के वेग के कारण बुजुर्ग महिला अपना संतुलन खो बैठीं और बीच सड़क पर ही गिर पड़ीं, जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं।
विवाद की वजह पानी की पाइपलाइन
मिली जानकारी के मुताबिक, इस विवाद की जड़ रविवार सुबह इलाके में फटी एक पानी की पाइपलाइन थी। पाइपलाइन को लेकर दोनों पक्षों में सुबह कहासुनी हुई थी। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवती पहले भी कई बार झगड़ा कर चुकी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी सेक्टर-28 पुलिस चौकी में शिकायतें दी गई थीं, लेकिन आरोपी पक्ष के प्रभाव के कारण हर बार समझौता कराकर मामले को दबा दिया गया। घटना के बाद इलाके में रोष का माहौल है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जाँच शुरू कर दी है। फिलहाल, पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग कर रहा है ताकि भविष्य में किसी बुजुर्ग के साथ ऐसी बदसलूकी न हो।