Edited By Manisha rana, Updated: 16 May, 2026 03:04 PM

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निवास पर अल सुबह लगभग 3 बजे हथियारबंद असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। राव नरेंद्र का निवास स्थान नारनौल-महेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित है।
नारनौल (भालेंद्र यादव) : हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के निवास पर अल सुबह लगभग 3 बजे हथियारबंद असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। राव नरेंद्र का निवास स्थान नारनौल-महेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित है। दरवाजों के ताले काटे और कुंडी तोड़ी। घर पर बड़े भाई और परिवार के सदस्य उपस्थित थे। राव नरेंद्र सिंह के बड़े भाई राव देवेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले में कड़ी कारवाई व सुरक्षा की मांग की।

शिकायतकर्ता राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से महेंद्रगढ़ रोड स्थित शिव कॉलोनी में रह रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 और 16 मई की रात करीब 3 बजे चार से पांच बदमाश दीवार फांदकर घर के पीछे की तरफ से अंदर घुसे। बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी और सर्वेंट क्वार्टर के कमरों को बाहर से बंद कर दिया। शिकायत के अनुसार घर के पीछे वाले दरवाजे के ताले और कुंडी को किसी तेजधार हथियार से काटा और तोड़ा गया। इसी दौरान सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे स्टाफ की आंख खुल गई।

मौके पर कटे हुए ताले व मिली टूटी कुंडी
शिकायतकर्ता ने बताया कि मौके पर कटे हुए ताले, टूटी कुंडी, कटी हुई सीसीटीवी तार और दीवार पर जूतों के निशान साफ देखे जा सकते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्टाफ के लोग नहीं जागते तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। राव देवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनके भाई राव नरेंद्र सिंह लगातार अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाते रहे हैं, जिसके चलते परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यह घटना किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े लोगों द्वारा अंजाम दी गई है। घटना के बाद रात को पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। शिकायतकर्ता ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।


(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)