Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 03 Jun, 2026 11:30 AM

गुड़गांव पुलिस के होमगार्ड के घर तीन दिन से खुशियां मन रही थी। खुशियों की मिठाई बांटने का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि पूर परिवार की खुशियों को ग्रहण लग गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस के होमगार्ड के घर तीन दिन से खुशियां मन रही थी। खुशियों की मिठाई बांटने का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि पूर परिवार की खुशियों को ग्रहण लग गया। ड्यूटी के तीसरे ही दिन होम गार्ड को एक ट्रक ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना सेक्टर-67 में वर्ल्ड मार्क मॉल के सामने हुई जहां देर रात को पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बेरिकेड तोड़ते हुए होम गार्ड को कुचल दिया जिसने तड़पते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक होमगार्ड संदीप मूल रूप से भिवानी का रहने वाला था और तीन दिन पहले ही उसने ड्यूटी जॉइन की थी। मंगलवार देर रात को घटना उस वक्त हुई जब पुलिस ने वहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक कंक्रीट मिक्सर ट्रक को होमगार्ड संदीप ने रुकवाने का प्रयास किया तो ट्रक ड्राइवर ने अपने ट्रक की स्पीड बढ़ाते हुए बेरिकेड को टक्कर मार दी और इसकी चपेट में संदीप भी आकर कुचल गया। इसके बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इस घटना में मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने संदीप को सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस की मानें तो ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।