Edited By Krishan Rana, Updated: 19 Jul, 2026 07:20 PM

बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में उधार दिए गए राशन के पैसे मांगने पर एक दिल दहला देने वाली वारदात
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में उधार दिए गए राशन के पैसे मांगने पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। किराना दुकानदार 40 वर्षीय अभिषेक सिंह की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि उनका 13 वर्षीय बेटा अभिराज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का बहादुरगढ़ के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक सिंह मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले थे और छोटूराम नगर में किराने की दुकान चलाते थे। उन्होंने अपने पड़ोसी को करीब 9 हजार रुपये का राशन उधार दिया था। कई बार मांगने के बावजूद आरोपी पैसे नहीं लौटा रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को अभिषेक सिंह अपने बेटे अभिराज के साथ पड़ोसी के घर उधार के पैसे मांगने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पड़ोसी ने अचानक चाकू निकालकर पिता और बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में अभिषेक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं मामले की जांच जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस आखिर फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर पाती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)